वाराणसी। 16 जुलाई 2026 देश के प्रख्यात इंजीनियर एवं शिक्षाविद् सोनम वांगचुक द्वारा पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी भूख हड़ताल के समर्थन में वाराणसी में भी एक दिवसीय भूख हड़ताल आयोजित की गई। बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी महानगर एवं जिला इकाई के तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष अमन यादव और जिला अध्यक्ष जितेंद्र यादव (मलिक) ने किया। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़ पहलवान’ सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने आंदोलन को समर्थन दिया।
अमन यादव ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। जितेंद्र यादव ने कहा कि सोनम वांगचुक लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं की आवाज उठा रहे हैं।

सुजीत यादव ने शांतिपूर्ण आंदोलन को संवैधानिक अधिकार बताते हुए कहा कि मांगों की अनदेखी पर आंदोलन को व्यापक किया जाएगा।







