Search
Close this search box.

महावीरी झंडा जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, 15 ड्रोन और 100 सीसीटीवी से होगी निगरानी

बलिया । जनपद के महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को सिकंदरपुर तहसील स्थित तुलसी पैलेस में पुलिस ब्रीफिंग आयोजित की गई। डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी ने जुलूस समाप्त होने तक सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित स्थानों पर सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि शाम करीब पांच बजे 24 अखाड़ों के जुलूस निर्धारित मार्गों से निकलेंगे। सुरक्षा के लिए 15 ड्रोन और करीब 100 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था में दो एएसपी, 10 सीओ, 55 इंस्पेक्टर, 210 एसआई, 1150 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल, 55 महिला आरक्षी, 28 यातायात पुलिसकर्मी, एक प्लाटून पीएसी और 90 होमगार्ड तैनात रहेंगे।

गांधी मोहल्ला, आनंदी चौक, भीखुपुरा, मिल्की मोहल्ला, लद्दू चौक और डोमनपुरा समेत प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। डीएम ने बिजली व्यवस्था, प्रकाश, मेडिकल टीम और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शराब के नशे में जुलूस में शामिल होने पर रोक, डीजे की तेज आवाज पर नियंत्रण और सोशल मीडिया निगरानी के भी निर्देश दिए गए।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें