Search
Close this search box.

बैठक भत्ता न मिलने पर बीडीसी सदस्यों का हंगामा, अंतिम क्षेत्र पंचायत बैठक का सामूहिक बहिष्कार

दुद्धी सोनभद्र। विकासखंड सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत की अंतिम बैठक क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ पेयजल, मनरेगा, पंचम एवं पंद्रहवें वित्त आयोग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, विद्युत समस्या, पेंशन योजनाओं तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने कहा कि पिछले वर्षों में ब्लॉक क्षेत्र के सभी 58 गांवों में नाली निर्माण, सीसी रोड, पुलिया, सोलर वाटर पंप, बाउंड्रीवाल और छठ घाट सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों को मानदेय भेजा जा रहा है। किसी सदस्य को भुगतान नहीं मिला है तो तकनीकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।

खंड विकास अधिकारी विशाल चौरसिया ने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने और बैंक खातों की केवाईसी कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाते में प्रत्येक छह माह में लेन-देन करते रहने से पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं की धनराशि मिलने में परेशानी नहीं होगी। बैठक का संचालन बीओ पीआरडी धर्मेंद्र सिंह ने किया।

इधर, बैठक भत्ता और यात्रा भत्ता का भुगतान न होने से नाराज दो दर्जन से अधिक बीडीसी सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार किया। ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्त के नेतृत्व में सदस्यों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर पांच वर्षीय कार्यकाल के दौरान हुई बैठकों का बकाया भत्ता शीघ्र भुगतान करने की मांग की।

Leave a Comment

और पढ़ें