गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पृथ्वीपुर में जहरीले सर्प के डसने से कक्षा तीन की सात वर्षीय छात्रा शिवानी बिन्द की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार शिवानी बुधवार की रात अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मऊ स्थित सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्रा का उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान शिवानी ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शिवानी स्थानीय विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से ग्रामीणों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और जहरीले जीव-जंतुओं से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









