वाराणसी। गोदौलिया स्थित प्राचीन काशीराज काली मंदिर परिसर में शनिवार को प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट विजय त्रिवेदी और तहसीलदार आशीष सिंह अधिकारियों के साथ मंदिर पहुंचे और पुजारी से मंदिर की भूमि, संपत्तियों तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान परिसर में रह रहे कथित अवैध किरायेदारों से किराएदारी से संबंधित वैध रसीद और अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज न मिलने पर नियमानुसार जांच और कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर अतिक्रमण का भी प्रशासन ने गंभीर संज्ञान लिया। कुछ रेस्टोरेंट संचालकों द्वारा मार्ग पर अतिक्रमण किए जाने से श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा मिलने की बात सामने आई। वहीं, मंदिर के आसपास तबेला संचालित किए जाने पर भी अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में कार्रवाई न होने पर कठोर प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रशासन के निरीक्षण से क्षेत्र में हलचल रही और श्रद्धालुओं ने व्यवस्था सुधार की उम्मीद जताई।









