Search
Close this search box.

बरेका में हिंदी निबंध, वाक् और टिप्पण-प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने दिखाई प्रतिभा

वाराणसी । रेलवे बोर्ड के निर्देश एवं बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में 24 जुलाई 2026 को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राजभाषा विभाग के तत्वावधान में हिंदी निबंध, वाक् तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में प्रथम पाली में ‘जल संरक्षण-आवश्यकता एवं उपाय’ तथा ‘वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य में भारतीय भाषाओं का महत्व’ विषय पर हिंदी निबंध एवं टिप्पण-प्रारूप लेखन प्रतियोगिताएं हुईं। कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी राजभाषा दक्षता और लेखन कौशल का प्रदर्शन किया।

द्वितीय पाली में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयाम’ तथा ‘स्वास्थ्य एवं दैनिक अनुशासन’ विषय पर हिंदी वाक् प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली अभिव्यक्ति, स्पष्ट उच्चारण और सारगर्भित प्रस्तुति से अपनी प्रतिभा दिखाई।

निर्णायक मंडल में प्राचार्य, प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र सुभाष चंद्र यादव, उप मुख्य विपणन प्रबंधक/विक्रय अनूप मिश्रा और वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पांडेय शामिल रहे। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाना और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें