वाराणसी । आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से कचहरी स्थित कमिश्नरेट सभागार में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और स्नातक मतदाताओं से संवाद कर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन की अपील की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में लोजपा (रामविलास) सभी 403 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे स्नातक एमएलसी प्रत्याशी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ‘पिंटू’ ने कहा कि विधान परिषद में स्नातक, शिक्षक, अधिवक्ता और युवाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्नातक मतदाताओं से पार्टी के पक्ष में मतदान करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और प्रबुद्ध वर्ग के हितों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।










