सोनभद्र । दुद्धी विकासखंड क्षेत्र में रविवार की सुबह ठेमा नदी में नहाते समय एक 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में काफी प्रयास के बाद किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान वार्ड संख्या छह, दुद्धी निवासी सूफियान (14) पुत्र सफीउल्लाह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कर शव को मर्चरी भेज दिया गया। मौके पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी धर्मेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।






