बलिया । जनपद में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल की गड़वार स्थित प्रतिमा की नियमित साफ-सफाई और देखरेख करने वाले प्रियांशु को पत्रकारों ने सम्मानित किया। उनके सेवा भाव और समर्पण की सराहना करते हुए पत्रकारों ने उन्हें आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों की स्मृतियों को सहेजना और उनकी प्रतिमाओं का संरक्षण करना समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है। प्रियांशु द्वारा प्रतिमा को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का कार्य अनुकरणीय है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देता है।

इस अवसर पर बताया गया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की फेफना इकाई के पत्रकार प्रत्येक माह की 27 तारीख को गड़वार पहुंचकर संस्थापक बाबू बालेश्वर लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं।
पत्रकारों ने प्रियांशु के इस सेवा कार्य की निरंतरता की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास नई पीढ़ी को समाज और अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान का भाव सिखाते हैं। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटेलाल चौधरी, नवीन कुमार गुप्ता, प्रभाकर सिंह, अभिजीत सिंह, कन्हैया वर्मा सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।






