वाराणसी। 28 जुलाई 2026 वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक के नेतृत्व में “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के तहत विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों और रेल पटरियों को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना था। इस दौरान सफाई मित्रों ने स्टेशन परिसर और पटरियों के आसपास व्यापक सफाई अभियान चलाकर प्लास्टिक सहित अन्य कचरे का निस्तारण किया। साथ ही रेल कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कर्मचारियों को “स्वच्छता से स्वागत” बैज पहनाकर यात्रियों और आमजन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया। अभियान में रेलवे कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और जनसहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

वाराणसी मंडल ने दोहराया कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और यात्री-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।








