लखनऊ । पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन के खिलाफ विद्युत आउटसोर्स कर्मचारियों का धरना सोमवार को छठे दिन भी जारी रहा। राजधानी लखनऊ के इको गार्डन सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 15 मई 2017 के आदेश का उल्लंघन करते हुए करीब 25 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों को कार्य से हटाया गया है। उनका कहना है कि कर्मचारियों की भारी कमी के कारण अकुशल कर्मियों से लाइन का कार्य कराया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और कई कर्मचारियों की जान जा चुकी है।
कर्मचारियों ने कार्य के अनुरूप अनुबंध, न्यूनतम ₹18 हजार वेतन, आउटसोर्स सेवा निगम में समायोजन, घायल कर्मियों के लिए कैशलेस इलाज तथा उच्च न्यायालय और ऊर्जा मंत्री के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।







