वाराणसी। जनपद के भारत सेवा आश्रम के सामने स्थित फल मंडी वाली सड़क एक बार फिर धंस जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। सड़क धंसने के साथ जलजमाव होने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय निवासी अमन के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले भी यही सड़क धंसी थी, जिसे राज्यपाल के आगमन से पहले जल्दबाजी में मरम्मत कर दिया गया था। लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण सड़क दोबारा धंस गई। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, आम नागरिक और कई अधिकारी गुजरते हैं, जबकि नगर निगम कार्यालय भी पास में स्थित है।
इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी दुर्घटना में कोई घायल होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर निगम की होगी। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़कों की मरम्मत के सरकारी दावे केवल कागजों और फोटो तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बद से बदतर बने हुए हैं। नागरिकों ने तत्काल सड़क की स्थायी मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।










