Search
Close this search box.

लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता की राह आसान : जानू राम

बलिया। रसड़ा नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, अखनपुरा रसड़ा में दशम एवं द्वादश कक्षा के विद्यार्थियों के लिए ‘लक्ष्य बोध पत्रक’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, उसकी प्राप्ति की कार्ययोजना तथा विद्यार्थी, अभिभावक और अध्यापक की भूमिका के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम का प्रस्ताविकी एवं अतिथि परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देना आवश्यक है। मुख्य अतिथि डायट प्रवक्ता जानू राम ने कहा कि लक्ष्य केवल सपना नहीं, बल्कि स्पष्ट योजना और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। बड़े लक्ष्य को छोटे चरणों में बांटकर समय का सदुपयोग, आत्ममूल्यांकन और असफलताओं से सीखना सफलता की कुंजी है।

विशिष्ट अतिथि मनोवैज्ञानिक देवेंद्र कुमार सिंह ने लक्ष्य निर्धारण के वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लक्ष्य विद्यार्थी की रुचि, क्षमता और परिस्थितियों के अनुरूप होना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए मथुरा पीजी कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. सुरेश मिश्रा ने लक्ष्य के आध्यात्मिक पक्ष पर चर्चा की।

अभिभावक रिंकू पटेल, डॉ. उमेश प्रताप सिंह एवं डॉ. महेश कनौजिया ने भी विचार रखे। कार्यक्रम प्रमुख सुमंत ठाकुर रहे। अंत में शिवम सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को योजनाबद्ध और अनुशासित प्रयासों के साथ भविष्य की दिशा तय करने की प्रेरणा दी।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें