वाराणसी। लहतारा स्थित महिंद्रा शोरूम के जीएम आशुतोष श्रीवास्तव पर अधिवक्ता आकाश दीप पाठक ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। अधिवक्ता के अनुसार उन्होंने 7 अगस्त 2026 को महिंद्रा स्कॉर्पियो की बुकिंग के लिए 11 हजार रुपये जमा किए थे। इसके बाद सारनाथ स्थित यूको बैंक से वाहन के लिए 23 लाख रुपये का लोन भी स्वीकृत कराया गया।
आकाश दीप पाठक का आरोप है कि शोरूम के जीएम ने उनकी बुकिंग की गई स्कॉर्पियो किसी दूसरे ग्राहक को दो लाख रुपये अधिक लेकर बेच दी। घटना की जानकारी मिलने पर वह तत्काल लहतारा स्थित शोरूम पहुंचे और अपनी गाड़ी की डिलीवरी की मांग की। आरोप है कि जीएम द्वारा डिलीवरी देने में आनाकानी की गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई।
अधिवक्ता ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
रिपोर्टिंग अशोक कुमार गुप्ता।








