वाराणसी । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा काशी विद्यापीठ के गेट नंबर-3 से प्रारंभ होकर मलदहिया, लहुराबीर होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
भव्य तिरंगा यात्रा में जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, कैंटोनमेंट विधानसभा विधायक सौरभ श्रीवास्तव, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा तथा राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के बीच निकली यात्रा ने पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। आयोजन में सभी जाति और धर्म के लोगों ने एकजुट होकर भागीदारी की, जिससे राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
यात्रा के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई। अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








