बलिया । में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को बलिया में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से शहीद पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब दो हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलेक्ट्रेट से शुरू हुई यात्रा टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन, माल गोदाम रोड और हनुमान मंदिर होते हुए शहीद पार्क चौक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं, महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रास्तेभर देशभक्ति के गीतों से माहौल गूंजता रहा।

यात्रा में 65 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा, जिसे लोग अपने कंधों पर लेकर आगे बढ़ते रहे। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने का माध्यम है।

इस दौरान विधायक केतकी सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।








