बलिया। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तार बदलने, खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत तथा क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा। एनएच-31 गाजीपुर-बलिया-ग्रीनफील्ड फोरलेन का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी पर उन्होंने निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग को 2027 तक पूरा कराने, बक्सर-भरौली पुल और बलिया-गाजीपुर तुर्तीपार मार्ग के कार्य में तेजी लाने को कहा।

बरसात को देखते हुए सड़कों के गड्ढे भरने और जलभराव से बचाव की तैयारी के निर्देश दिए गए। बाढ़ सुरक्षा के तहत शरणालय निर्माण में तेजी लाने तथा व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएचसी-पीएचसी पर डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, अनावश्यक रेफर पर रोक और बाहर की दवाएं लिखने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एसपी ओमवीर सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








