वाराणसी । जनपद के लालपुर थाना पुलिस ने वृद्ध महिला से चेन लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 16 अगस्त की रात रिंग रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल हरहुआ भेजा गया।
मामला 17 जुलाई की रात रमरेपुर गांव का है, जहां पल्सर सवार दो बदमाशों ने वृद्ध महिला से चेन लूट ली थी। मामले में लालपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोरखपुर निवासी प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक और वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, ₹75 हजार नकद, पीली धातु और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में गाजीपुर, मऊ समेत अन्य जिलों में आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की जांच कर रही है। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।








