वाराणसी । रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के दरेखू-शहावाबाद स्थित ठिकाना होटल में उद्योग व्यापार मंडल की आवश्यक बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुई। बैठक में व्यापारियों के हितों की रक्षा और उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से ‘व्यापारी जनता पार्टी’ बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में व्यापारी आयोग के गठन, व्यापारियों को सैनिकों की तरह सम्मान देने तथा प्रदेश के 50 लाख पंजीकृत व्यापारियों में से छह क्षेत्रों से छह विधान परिषद सदस्यों के निर्वाचन की मांग उठाई गई। इसके अलावा व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक, जीएसटी के नाम पर अनावश्यक नोटिस पर रोक और विभागीय उत्पीड़न समाप्त करने की मांग की गई।
व्यापारियों ने सैंपलिंग व बाट-माप विभाग की कार्रवाई में अनावश्यक परेशानी रोकने, दुर्घटना बीमा, आयुष्मान कार्ड, शस्त्र लाइसेंस, ऑनलाइन व्यवस्था की समस्याओं के समाधान तथा दुकान क्षतिग्रस्त या जलने पर मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद देने की मांग भी रखी।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शिवम सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी और 35 बाजारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिव कुमार गुप्ता ने व्यापारियों से एकजुट होकर संगठन मजबूत करने और अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
रिपोर्टिंग राधिका तिवारी।








