चन्दौली। /पड़ाव सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर के श्रीसंगम सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुआ। एनसीसी कैडेट्स ने शानदार मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। तिरंगे रंगों के गुब्बारों का विमोचन भी किया गया।

चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नन्हे विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में रैंप वॉक, लावणी आधारित समूह नृत्य, देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। छात्राओं ने राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित नृत्य से भारत की विविधता को दर्शाया।

सौमिका रघुवंशी और अफान अब्दुल्ला ने स्वतंत्रता के महत्व पर प्रभावशाली भाषण दिया। प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने कहा, “हमारा तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, यह भारत के गौरव, संघर्ष और सपनों की पहचान है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विद्यालय परिसर वंदे मातरम्, जय हिंद और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के पदाधिकारी, प्रधानाचार्य बिनोद कुमार दास, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे। संचालन नव्या मिश्रा एवं पियूष कुमार ने किया।








