वाराणसी । थाना लालपुर क्षेत्र के रमरेपुर गांव में 16 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वृद्ध महिला से पल्सर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई चेन लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में थाना लालपुर में मुकदमा अपराध संख्या 205/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में रिंग रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान 16 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे पुलिस की दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक (21), निवासी गोरखपुर, पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी (30), निवासी गोरखपुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। घायल को उपचार के लिए हरहुआ अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस, ₹75 हजार नकद, पीली धातु तथा मोबाइल फोन बरामद किए।

पूछताछ में बदमाशों ने गाजीपुर, मऊ समेत विभिन्न जनपदों में घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लालपुर-पांडेयपुर अतुल सिंह की अहम भूमिका रही।







