Search
Close this search box.

रोडवेज में परिचालकों की सीधी अनुबंध भर्ती का रास्ता साफ, कर्मचारी परिषद ने जताया स्वागत

लखनऊ । उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में अब परिचालकों की भर्ती पूर्व की भांति सीधे अनुबंध के आधार पर की जाएगी। परिवहन विभाग की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। आदेश जारी होने पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने इसका स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार का आभार जताया है।

परिषद लंबे समय से मांग कर रही थी कि महिला परिचालकों की तरह पुरुष परिचालकों को भी आउटसोर्सिंग व्यवस्था के बजाय सीधे निगम में अनुबंध के आधार पर आबद्ध किया जाए। परिषद का कहना है कि परिवहन निगम में परिचालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे यात्रियों से किराये के रूप में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में नकद धनराशि एकत्र कर उसे निगम के खजाने में जमा करते हैं। ऐसे में परिचालक पद पर निगम के प्रति सीधे उत्तरदायी कर्मचारियों की नियुक्ति जरूरी है।

शासनादेश जारी होने पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्र ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संगठन की ओर से मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का हृदय से आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस दिशा में सतत प्रयास के लिए परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक का भी धन्यवाद किया।

Leave a Comment

और पढ़ें