वाराणसी । हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज परिसर में छात्रों को पीने के लिए उपलब्ध पानी की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कॉलेज परिसर में लगे वाटर कूलर के आसपास और पानी की व्यवस्था में गंदगी दिखाई दे रही है। आरोप है कि दूषित पानी पीने से कई छात्रों की तबीयत खराब हो रही है।
छात्रों का कहना है कि गंदे पानी की समस्या को लेकर कॉलेज के प्रिंसिपल से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ऐसे में विद्यार्थियों को मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।पानी की खराब व्यवस्था को लेकर छात्रों में आक्रोश है।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से वाटर कूलर की तत्काल सफाई कराने, पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।






