वाराणसी । पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक रामनगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर मु0अ0सं0 0175/2026, धारा 137(2), 87 एवं 351(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त राजा साहनी (21 वर्ष) पुत्र शिवपूजन साहनी, निवासी सूजाबाद, थाना रामनगर को शनिवार को दोपहर 1:10 बजे आर्मी ग्राउंड सूजाबाद के पास अवधूत भगवान आश्रम समाधि स्थल के निकट से गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र मौर्य, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र दीक्षित तथा कांस्टेबल अखिलेश कुमार शामिल रहे। पुलिस ने मामले में आगे की जांच और विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।










