वाराणसी । पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौबेपुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण और उसे एक लाख रुपये में बेचने के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में की गई।
अपहरण कर बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को वादी ने थाना चौबेपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी लगभग 17 वर्षीय भतीजी का अपहरण कर उसे एक लाख रुपये में बेच दिया गया है। शिकायत के आधार पर थाना चौबेपुर में मुकदमा संख्या 0363/2026 धारा 137(2), 87 एवं 143(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 11 जुलाई को ग्राम गोपालपुर से शिवधनी, राहुल भारद्वाज और मैना देवी को सुबह 10:45 बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे मोहित और नेम सिंह को भी उसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में तीन वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि दो आरोपी बुलंदशहर और मथुरा जनपद के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक महेश मिश्रा, उपनिरीक्षक अपराजित सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल रमाकांत यादव, हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल सिंधु तथा महिला कांस्टेबल अनिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









