महाराष्ट्र के वाशिम जिले के रिसोड निवासी 47 वर्षीय मोहम्मद जमील ने 31 साल बाद दोबारा दसवीं की परीक्षा देकर सफलता हासिल की है। गादी बनाने का काम करने वाले जमील कभी इंग्लिश, मराठी और मैथ्स विषय में फेल हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।
समय के साथ जिम्मेदारियां बढ़ीं, लेकिन पढ़ाई पूरी करने का सपना उनके मन में हमेशा जिंदा रहा। इसी संकल्प के साथ उन्होंने वर्षों बाद फिर से परीक्षा देने का फैसला किया और इस बार उन्हीं विषयों में सफल होकर मिसाल पेश की।
मोहम्मद जमील अब 11वीं साइंस में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे हैं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, जबकि दूसरा बेटा NEET परीक्षा की तैयारी में जुटा है। जमील की सफलता अब इलाके में मेहनत और हौसले की प्रेरणादायक कहानी बन गई है।








