वाराणसी । शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 500 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने केएसपीएल प्रोजेक्ट लिमिटेड को निर्माण एजेंसी के रूप में चुना है। गुरुवार को अस्पताल परिसर में अधिकारियों, पीडब्ल्यूडी टीम और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्य की रूपरेखा तथा मरीजों को बिना किसी असुविधा के चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान अस्पताल की नियमित सेवाओं और मरीजों के उपचार पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ना चाहिए। टीम ने अस्पताल के मुख्य वार्डों और ऑपरेशन थिएटरों का भी निरीक्षण किया।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल भवन को आधुनिक तकनीक, बेहतर संरचना और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. सिंह, मंडल प्रभारी डॉ. पुष्पा सिंह, अभियंता यश दीपक समेत कई अधिकारी व तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।








