Search
Close this search box.

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिलेखागार का लोकार्पण, डीएम व निदेशक पेंशन ने किया पौधारोपण

बलिया । जनपद में वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय परिसर में शुक्रवार को नवनिर्मित अभिलेखागार का भव्य लोकार्पण वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं निदेशक पेंशन रविंद्र कुमार ने फीता काटकर अभिलेखागार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने परिसर स्थित पार्क में पौधरोपण करते हुए चंदन का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद कुमार दुबे ने बताया कि कोषागार भवन एवं परिसर में वर्षा जल संरक्षण और संचयन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से “पेंशन आनंद उपवन” में सरोवर का निर्माण कराया गया है, साथ ही महादेव कुंड का पुनर्निर्माण भी किया गया है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में वातानुकूलित पेंशनर भवन स्थापित किया गया है, जहां शौचालय, शुद्ध पेयजल, पुस्तकालय और संगीत वाद्ययंत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इसके अतिरिक्त पेंशनरों के स्वास्थ्य, योग, व्यायाम और मनोरंजन के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिससे उन्हें बेहतर वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में अपर निदेशक कोषागार निदेशालय, विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में पेंशनर तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें