बलिया। साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में 15 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डुहा बिहरा निवासी मृत्युंजय सिंह ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भारतीय स्टेट बैंक खाते से 1 नवंबर 2025 को अज्ञात साइबर ठगों द्वारा धोखाधड़ी कर 15 हजार रुपये स्थानांतरित कर लिए गए थे।
शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर रजनीश कुमार के निर्देशन में थाना सिकन्दरपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। साइबर टीम के प्रयासों से ठगी की गई पूरी धनराशि होल्ड कराते हुए 12 जून 2026 को शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर मृत्युंजय सिंह ने बलिया पुलिस एवं थाना सिकन्दरपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक मूलचन्द चौरसिया, साइबर प्रभारी चन्द्रशेखर यादव, हेड कांस्टेबल राजू यादव तथा साइबर हेल्प डेस्क के आरक्षी शिवम राय, शिवप्रताप सिंह एवं संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









