Search
Close this search box.

मानसून से पहले छपरा जंक्शन का डीआरएम ने किया व्यापक निरीक्षण, जल निकासी व यात्री सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

वाराणसी । मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार को मण्डलीय अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण कर मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई, प्लेटफार्मों, वॉटर बूथों, पैदल उपरिगामी पुल तथा दोनों प्रवेश द्वारों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

डीआरएम ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन पुनर्विकास की प्रस्तावित योजनाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया तथा आधुनिक आधारभूत संरचना विकसित करने के लिए आवश्यक स्थानों का चिन्हांकन और कार्ययोजना के क्रियान्वयन पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।

उन्होंने खाद्य स्टालों और पेयजल बूथों का निरीक्षण कर यात्रियों को स्वच्छ पेयजल एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और परिचालनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।

डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को मानसून शुरू होने से पहले स्टेशन के सभी नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने तथा जल निकासी में बाधा बनने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ मंडलीय अधिकारी, इंजीनियर, वाणिज्य, सुरक्षा, विद्युत, यांत्रिक एवं परिचालन विभाग के अधिकारी तथा स्टेशन प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें