चन्दौली । डीडीयू मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू, सीआईबी टीम और बचपन बचाओ आंदोलन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 नाबालिग बच्चों को बाल मजदूरी के लिए ले जा रहे दो कथित बाल तस्करों को पकड़ा। कार्रवाई गाड़ी संख्या 12987 अप सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस के डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 7 पर की गई।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान छोटू मांझी निवासी गया, बिहार तथा अंगद कुमार निवासी पलामू, झारखंड के रूप में हुई। पूछताछ में तीन नाबालिग बच्चों ने बताया कि उन्हें जयपुर में टाइल्स कंपनी में मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था, जहां 12 घंटे काम के बदले 15 हजार रुपये प्रतिमाह देने का लालच दिया गया था। वहीं दो अन्य बच्चों को जेसीबी मशीन पर हेल्पर का काम दिलाने के नाम पर 9 हजार रुपये प्रतिमाह का प्रलोभन दिया गया था।
आरपीएफ ने मामले को बाल मजदूरी और मानव तस्करी से जुड़ा पाते हुए बीएनएसएस धारा 105 के तहत कार्रवाई की। सभी बच्चों को सुरक्षित रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंप दिया गया, जबकि दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुगलसराय कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।









