वाराणसी । के रामनगर क्षेत्र में नवागत प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। चौक-चौराहा, किला रोड, पंचवटी रोड और साहित्य नाका मोड़ सहित कई इलाकों में पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। सड़क किनारे खड़े ऑटो, टोटो, ठेला-खोमचा और अवैध कब्जों को तत्काल हटवाया गया, जिससे लंबे समय से जाम और अव्यवस्था से परेशान लोगों को राहत मिली।
अभियान के दौरान साउंड सिस्टम के जरिए अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि सड़क आम जनता के आवागमन के लिए है, कब्जा करने के लिए नहीं। प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने साफ कहा कि सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने या दुकान लगाने वालों के खिलाफ अब सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लिया।
अभियान में कस्बा प्रभारी शिवम सोनी, अमित कुमार यादव, मनीष मौर्या और ओमप्रकाश वर्मा सहित पुलिस टीम के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया कि रामनगर में अब अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










