भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों के अधिकारों, सम्मान और उनकी आर्थिक मजबूती के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का स्पष्ट मानना था कि देश की समृद्धि और विकास का रास्ता गांव, खेत और खलिहानों से होकर गुजरता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की डबल इंजन सरकार अन्नदाताओं के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के आदर्श और विचार आज भी देश को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।










