Search
Close this search box.

डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ने किया ट्रैक व स्टेशनों का निरीक्षण, संरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा

चन्दौली । डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बुधवार को डीडीयू–मानपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर ट्रैक संरक्षा, अनुरक्षण व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन सीमा में हावड़ा दिशा की ओर ट्रैक सेक्शन का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने प्वाइंट्स, गेज, लंबे वेल्डेड रेल सेक्शनों तथा ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति की जांच करते हुए संरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की।

डीआरएम ने ट्रैक अनुरक्षण कार्य में लगे स्थायी पथ निरीक्षकों, ट्रैकमैन और ट्रॉलीमैन से संवाद कर नियमित पेट्रोलिंग एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। भीषण गर्मी को देखते हुए रेल पटरियों पर तापमान के प्रभाव से निपटने के लिए अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कर्मचारियों को कार्य के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

इसके बाद मानपुर जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, ट्रेन संचालन और यात्री प्रबंधन व्यवस्था का मूल्यांकन किया गया। वहीं गया जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा परिचालनिक सुविधाओं की प्रगति का भी जायजा लिया गया। डीआरएम ने निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों के सुरक्षित एवं सुचारू आवागमन को सुनिश्चित करने तथा वर्क सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें