Search
Close this search box.

अपूर्वा नर्सिंग होम मामले में गिरफ्तारी की मांग तेज, छात्रों का जूता पॉलिश कर विरोध प्रदर्शन

बलिया । पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति द्वारा अपूर्वा नर्सिंग होम के कथित दोषी डॉक्टरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के टीडी कॉलेज चौराहे पर छात्रनेताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए जूता पॉलिश कर धन एकत्रित किया, जिससे लोगों का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित हुआ।

समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ ने कहा कि आरोपी डॉक्टरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुए लगभग 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण कार्रवाई में देरी हो रही है। इससे पहले भी छात्र भिक्षाटन कर विरोध जता चुके हैं और अब जुटाई गई धनराशि अधिकारियों को सौंपने की योजना है।

आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह ने चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे वेंटिलेटर पर बताया। वहीं, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मिथिलेश यादव ‘मोती’ ने चेतावनी दी कि गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कई छात्र-नेता और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें