बलिया । आशीष जैन ने शुक्रवार को वाराणसी सिटी-फेफना रेलखंड तथा फेफना एवं चितबड़ागांव रेलवे स्टेशनों का मंडलीय अधिकारियों के साथ व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था, संरक्षा उपकरणों तथा विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआरएम आशीष जैन विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए फेफना रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, पैदल उपरिगामी पुल, पार्सल कार्यालय, टिकट काउंटर, यात्री प्रतीक्षालय एवं वाटर बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्मों पर पर्याप्त यात्री शेड, पंखे और वॉटर कूलर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्टेशन पर चल रहे यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन पैनल, रिले रूम, आईपीएस रूम, अग्निशमन यंत्र, सेफ्टी लॉक एवं विभिन्न अनुरक्षण रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्होंने सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। फेफना यार्ड में पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग का निरीक्षण कर गेज परीक्षण तथा फेल-सेफ प्रणाली की भी जांच की गई।

इसके बाद डीआरएम ने फेफना गुड्स शेड का निरीक्षण कर माल ढुलाई व्यवस्था, लोडिंग-अनलोडिंग, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा मजबूत करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चितबड़ागांव स्टेशन निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन पैनल, ब्लॉक इंस्ट्रूमेंट, रजिस्टरों तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर व प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई और रखरखाव बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में समपार संख्या 23-सी का संरक्षा निरीक्षण भी किया गया, जहां गेटमैन के सुरक्षा ज्ञान एवं प्रमाणपत्रों की जांच की गई। इस अवसर पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







