वाराणसी । जनपद के थाना सिंधोरा पुलिस ने इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान परीक्षा में अपने मित्र के स्थान पर परीक्षा देने वाले वांछित अभियुक्त नारायण भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर ग्राम पियरी से पकड़ा। अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2025 को एस.बी. इंटर कॉलेज, बूंची में आयोजित कक्षा 12 की भौतिक विज्ञान परीक्षा के दौरान नारायण भारद्वाज अपने मित्र वैभव कुमार सिंह के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। कक्ष निरीक्षक द्वारा प्रवेश पत्र और आधार कार्ड का मिलान करने पर फोटो में अंतर दिखाई दिया, जिससे मामला उजागर हो गया। जांच के दौरान नारायण परीक्षा केंद्र से प्रथम तल की छत से कूदकर फरार हो गया था।
पूछताछ में नारायण ने बताया कि उसका मित्र वैभव भौतिक विज्ञान विषय में कमजोर था, इसलिए उसने उसकी जगह परीक्षा देने का निर्णय लिया था। इस मामले में वास्तविक परीक्षार्थी वैभव कुमार सिंह को 31 मार्च 2026 को ही गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा चुकी है। सिंधोरा पुलिस की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे नारायण को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।









