Search
Close this search box.

पुश्तैनी जमीन के विवाद में गर्भवती महिला से मारपीट, ग्राम प्रधान समेत पांच पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप

संडीला (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम आटवा निवासी सोनम सिंह पत्नी राजू सिंह ने ग्राम प्रधान राजकुमार, पप्पू, उनकी पत्नी राजकुमारी उर्फ पप्पी, कांति देवी और रामअवतार पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब छह माह पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद संडीला पुलिस ने समझौता करा दिया था। इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ और तनाव लगातार बना रहा।

शिकायतकर्ता सोनम सिंह ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर प्रधान पक्ष द्वारा कूड़ा-कचरा डाला जाता है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित पक्ष ने नाराज होकर शुक्रवार रात उनके घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि सभी लोगों ने घर में घुसकर लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की।

सोनम सिंह करीब छह माह की गर्भवती हैं। उनका आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके पेट पर भी लात मारी गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान दबंग प्रवृत्ति का है और विवाद होने पर लोगों को एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देता है। वहीं, प्रधान पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर अपना अधिकार जताने की भी बात सामने आई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें