Search
Close this search box.

गंगा का बढ़ा जलस्तर, डीएम-एसपी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

गाजीपुर । गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शुक्रवार को बलुआ घाट तथा थाना जमानियां क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित एवं संभावित कटान वाले क्षेत्रों की जानकारी ली।

अधिकारियों ने जमानियां थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम सब्बलपुर कला पहुंचकर गंगा के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया। उन्होंने संभावित कटान से प्रभावित होने वाले स्थानों और गांवों का जायजा लिया। इस दौरान ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।

ग्रामीणों ने बाढ़ एवं कटान की आशंका से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (एल/आर), उपजिलाधिकारी जमानियां, क्षेत्राधिकारी जमानियां सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें