वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र की जक्खिनी चौकी अंतर्गत मरूई गांव में स्थित मां दुर्गा मंदिर से प्रतिमा का सोने का मुखौटा चोरी होने का मामला सामने आया है। धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने इसे आस्था पर चोट बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
स्थानीय लोगों ने चोरी गए सोने के मुखौटे की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने मामले के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया है।





