वाराणसी । एपेक्स हॉस्पिटल वाराणसी एवं उसके द्वारा संचालित कॉलेज ऑफ नर्सिंग वाराणसी में चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की संरक्षता में अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य — सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” थीम पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट श्रीमती श्यामलता जायसवाल एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती इंद्राणी श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर निदेशिका डॉ. अंकिता पटेल, प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. आर. जोहन्सी रानी, उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. गीता डी तथा नर्सिंग सुपरिन्टेंडेंट संगीता डेनियल उपस्थित रहीं।

अतिथियों ने अपने संबोधन में नर्सों की सेवा, समर्पण और करुणा को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि नर्सें मरीजों के जीवन को बचाने और उन्हें मानसिक संबल देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने युवा नर्सिंग विद्यार्थियों को सेवा भावना, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए तथा फ्लोरेन्स नाइटिंगेल के जीवन और नर्सिंग शिक्षा में उनके योगदान पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अंत में एपेक्स हॉस्पिटल की मेट्रन पूजा सिंह के नेतृत्व में नर्सिंग स्टाफ ने पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया तथा केक काटकर समारोह का समापन किया।










