बलिया। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को नगवा मीडिया सेंटर में सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पत्रकारिता के समक्ष उपस्थित चुनौतियों, दायित्वों और बदलते परिदृश्य पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रेस की स्वतंत्रता, पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पत्रकारों को संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित आधारित पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा देने का कार्य कर सकती है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए उसके विकास, संघर्ष और वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डाला। साथ ही डिजिटल युग में पत्रकारिता की नई संभावनाओं और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
अंत में पत्रकारों ने समाजहित और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।





