छत्तीसगढ़। राज्य के एक स्कूल से जुड़ा संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां दो नाबालिग समेत तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, तीनों करीब पांच महीने की प्रेग्नेंट बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, इनमें से दो छात्राएं कक्षा 12वीं और एक छात्रा 11वीं कक्षा की है। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
राज्य के शिक्षा मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि दो छात्राएं हॉस्टल में नहीं रहती थीं, बल्कि रोजाना अपने घर से स्कूल आती-जाती थीं। वहीं तीसरी छात्रा दिवाली की छुट्टियों में घर गई थी और उसके बाद स्कूल वापस नहीं लौटी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी (DM) ने पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाने के लिए एक जांच समिति का गठन किया है, जो सभी पहलुओं की जांच करेगी।
उधर, विपक्ष ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि घटना को दबाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।










