Search
Close this search box.

वाराणसी में भाजपा ने जमीनी कार्यकर्ता राम सकल पटेल को सौंपी जिला अध्यक्ष की कमान

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में भाजपा ने गुरुवार को प्रदेश स्तर पर पांच जिलों के नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की।

इन नियुक्तियों में सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की रही, जहां पार्टी ने एक जमीनी कार्यकर्ता राम सकल पटेल को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची में राम सकल पटेल का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि राम सकल पटेल लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहकर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का कार्य कर रहे थे। हालांकि उनका नाम अब तक बड़े राजनीतिक चेहरों में शामिल नहीं रहा, लेकिन संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण जिले की कमान सौंप दी है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ा रही है, जिनकी पकड़ जमीनी स्तर पर मजबूत है और जो संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाए रखने में सक्षम हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें