Search
Close this search box.

जमीन बेचकर पत्नी को बनाया शिक्षिका, नौकरी मिलते ही पति और बेटे को छोड़ प्रेमी संग रहने लगी…..

हाजीपुर। उत्तर प्रदेश की पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य प्रकरण जैसी चर्चा के बीच बिहार के वैशाली जिले से पति-पत्नी के विवाद का एक मामला सामने आया है। हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में एक पति ने अपनी पत्नी पर नौकरी मिलने के बाद उसे और उसके बेटे को छोड़ने का आरोप लगाया है।

बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत वार्ड संख्या-13 निवासी 46 वर्षीय अमन कुमार का आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी गुंजन कुमारी को पढ़ाने-लिखाने और शिक्षिका बनाने के लिए अपनी पैतृक जमीन तक बेच दी। लेकिन बीपीएससी से शिक्षिका के पद पर चयन होने के बाद पत्नी ने उनसे दूरी बना ली और अब उनके साथ रहने से इनकार कर रही है।

अमन कुमार ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2013 में हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी देवेंद्र सिंह की बेटी गुंजन कुमारी से हुई थी। शादी के बाद दोनों का एक बेटा आरुष आर्या हुआ, जिसकी वर्तमान उम्र 10 वर्ष है।

पति के अनुसार, शादी के समय गुंजन कुमारी इंटरमीडिएट पास थीं और आगे पढ़कर शिक्षिका बनने की इच्छा रखती थीं। पत्नी के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने आर्थिक और पारिवारिक स्तर पर हर संभव सहयोग किया। अमन का दावा है कि पत्नी की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उन्होंने अपनी पैतृक जमीन तक बेच दी थी।

अमन कुमार का कहना है कि बीपीएससी शिक्षिका के रूप में नौकरी मिलने के बाद पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह उन्हें तथा उनके बेटे को छोड़कर अलग रहने लगीं। मामले को लेकर पति ने न्याय की गुहार लगाई है।

हालांकि, इस मामले में पत्नी गुंजन कुमारी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस या प्रशासन की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें