वाराणसी । में क्षत्रिय करणी सेना ने मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। संगठन के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह रघुवंशी रविवार को मृतक मनीष सिंह के आवास घमाहा, फूलपुर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
अभिषेक सिंह रघुवंशी ने कहा कि घटना को लेकर प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है और अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 6 मई तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षत्रिय करणी सेना बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
करणी सेना के इस अल्टीमेटम के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।








