Search
Close this search box.

शिवरामपुर संगम घाट पर दर्दनाक हादसा: सेल्फी बनाते समय गंगा में डूबे चार युवक-युवतियां, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा

बलिया । के सदर तहसील अंतर्गत शिवरामपुर संगम घाट पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार युवक-युवतियों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। मुण्डन संस्कार के दौरान स्नान करते समय सभी युवक-युवतियां मोबाइल से सेल्फी और रील बना रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में चले गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

मृतकों की पहचान हर्षिता चौहान (17) और नंदिता चौहान (12) निवासी रामपुर भोज थाना गड़वार, अरुण चौहान (20) निवासी कल्याणीपुर थाना फेफना तथा अर्जुन चौहान (21) निवासी महेशपुर जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वहीं अर्पिता और साधना नामक दो बालिकाओं को स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

पुलिस, प्रशासन, गोताखोरों, नाविकों और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर चारों शव बरामद किए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से आर्थिक सहायता दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें