बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव में एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। मृतका की पहचान संगीता, पुत्री मुखदेव के रूप में हुई है।
घटना बीती रात करीब 1 बजे हुई। संगीता को प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान पहले बच्चे की मौत हो गई, इसके बाद संगीता की हालत बिगड़ गई और उसकी भी मृत्यु हो गई।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद अस्पताल के संचालक और डॉक्टर फरार हो गए। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और नगरा पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरा क्षेत्र में अवैध निजी अस्पतालों की संख्या अधिक है, और इनके संचालन की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। घटना से पूरे गांव में गहरा शोक और आक्रोश है।
रिपोर्ट- मुकेश श्रीवास्तव









