Search
Close this search box.

हत्या के आरोपी को नगरा पुलिस ने किया गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद

बलिया । जनपद के थाना नगरा पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित 26 वर्षीय अभियुक्त ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू पुत्र श्यामाकान्त निवासी खारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को दर्ज मुकदमा संख्या 156/2026, धारा 103(1) बीएनएस में अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम झाड़ी बाबा मठ के पास पहुंची, जहां सड़क किनारे उसकी मोटरसाइकिल मिली। पास की झाड़ियों में अभियुक्त घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट थी। पुलिस ने उसे तत्काल सीएचसी नगरा पहुंचाया और उपचार के बाद हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने कथित तौर पर बताया कि 11 अगस्त को नगरा स्थित एक क्लीनिक पर उसकी चाची कंचन से विवाद हुआ। गुस्से में उसने लोहे की पाइप से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद भागते समय उसकी मोटरसाइकिल एक अज्ञात पिकअप से टकरा गई, जिसमें वह घायल हो गया।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई थानाध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें