Search
Close this search box.

गुरु पूर्णिमा पर विंढमगंज में गायत्री परिवार का भव्य आयोजन, यज्ञ-पूजन और गुरु वंदना से गुंजायमान हुआ वातावरण

सोनभद्र । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर विंढमगंज स्थित कल्याण मंडप परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार, गुरु वंदना और सामूहिक गायत्री मंत्र उच्चारण के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने वेदमाता गायत्री एवं युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

ग्राम नगवा (थाना अमवार) से आए वक्ता शिव कुमार एवं विजय कुमार ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जीवन को सही दिशा देने वाले पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने गायत्री परिवार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सामूहिक यज्ञ, गायत्री मंत्र जप और प्रार्थना के माध्यम से विश्व शांति, मानव कल्याण और राष्ट्र की समृद्धि की कामना की गई। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी से पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

आयोजन की सफलता में हुलास राम यादव, रामदास कुशवाहा, उमेश जायसवाल, डॉ. रूपनारायण गुप्ता, महेश कुशवाहा, शिव कुमार कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव, प्रेम कुशवाहा सहित गायत्री परिवार के अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में प्रसाद वितरण और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें